PALI SIROHI ONLINE
हनुमानसिंह राव
बाली-79 वर्षीय विधवा ने बेटे-पोते पर लगाया मारपीट व धमकी का आरोप
मकान खाली करने का दबाव बनाने का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बाली। बीजापुर गांव में पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर 79 वर्षीय विधवा महिला ने अपने बेटे और पोते पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उस पर मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। शिकायत पर बाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीजापुर निवासी छोगी बाई ने पुलिस को दिए परिवाद में बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और उन्होंने अपनी संपत्ति का वसीयतनामा पुत्रों के नाम किया था। वर्तमान में महिला अपने छोटे पुत्र के हिस्से में आए मकान में रह रही हैं। महिला के अनुसार छोटा पुत्र ही उनकी देखभाल करता है।
लाठी लेकर घर में घुसने का आरोप
महिला ने परिवाद में आरोप लगाया कि 12 जून 2026 को उनका पोता हाथ में लाठी लेकर घर पहुंचा और जबरन अंदर घुस गया। आरोप है कि उसने मकान खाली करने की बात कहते हुए गाली-गलौज की। महिला द्वारा विरोध करने पर कथित रूप से रास्ता रोककर थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
महिला के चिल्लाने पर उनका पुत्र मौके पर पहुंचा और उन्हें बचाया। आरोप है कि इसके बाद पोते ने महिला को गालियां दीं तथा उनके पुत्र और पुत्रवधू को जान से मारने की धमकी दी।
फोन पर धमकी देने का भी आरोप
परिवाद में महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद फोन पर भी गाली-गलौज की गई तथा उनके पुत्र की पत्नी को फोन कर धमकी दी गई। महिला ने मकान खाली करने के लिए दबाव बनाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
बाली थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।


