PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखण्ड के बीजापुर ग्राम में बाली विधायक ने पीड़ित पशुपालक परिवार को सौंपा 1.60 लाख रुपए का मुआवजा चेक, हादसे के बाद विधायक ने दी थी एक लाख की आर्थिक सहायता।
गौरतलब है कि भीमाना के निकट गत 15 मार्च 2026 को विद्युत लाइन टूटने से हुए दर्दनाक हादसे में 58 भेड़-बकरियों की मौत के मामले में पीड़ित पशुपालक परिवार को विद्युत निगम की ओर से 1 लाख 60 हजार रुपए की मुआवजा राशि का चेक सौंपा गया। बुधवार को बीजापुर ग्राम स्थित बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि का चेक सुपुर्द किया।
वीरमपुरा भागल निवासी पशुपालक हमीराराम पुत्र बाबराराम देवासी अपनी भेड़-बकरियों के साथ 15 मार्च को भीमाना के निकट चराने गया था कि अचानक विद्युत लाइन टूटकर नीचे गिर गई। विद्युत लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण उसकी चपेट में आने से 58 भेड़-बकरियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद पशुपालक परिवार को आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट था तब बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने तत्काल पीड़ित परिवार से संवेदना व्यक्त करते हुए अपनी ओर से एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। साथ ही विद्युत निगम की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करवाने का भरोसा दिलाया था।
इसी क्रम में बुधवार को बीजापुर स्थित विधायक निवास पर पीड़ित परिवार को विद्युत निगम की ओर से स्वीकृत 1 लाख 60 हजार रुपए की मुआवजा राशि का चेक सौंपा गया। विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने पीड़ित परिवार को चेक सुपुर्द करते हुए कहा कि पशुपालक परिवार के साथ हुए इस हादसे से उन्हें गहरा दुख है।
इस दौरान नाना विद्युत निगम के सहायक अभियंता इंद्रजीत मीणा, भाजपा ओबीसी प्रदेश संगठन मंत्री मोहनलाल देवासी, नाना भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश बोहरा, हिंदूराम देवासी सहित वीरमपुरा भागल एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुआवजा राशि मिलने से पीड़ित पशुपालक परिवार को हादसे में हुए आर्थिक नुकसान के बीच कुछ राहत मिली है। ग्रामीणों ने भी विद्युत हादसे में मृत पशुधन के एवज में मुआवजा दिलाने की कार्रवाई के लिए विधायक एवं विद्युत निगम के अधिकारियों का आभार जताया।


