PALI SIROHI ONLINE
पिंटू अग्रवाल चामुंडेरी
बीजापुर स्थित निवास पर विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
बाली। बाली उपखंड के बीजापुर ग्राम स्थित अपने निवास पर बाली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत व सार्वजनिक समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
जनसुनवाई के दौरान विधायक राणावत ने एक-एक परिवादी की समस्या को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि अन्य प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में प्रत्येक पंचायत स्तर पर ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ और आवश्यक सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकें।
विधायक राणावत ने जनसुनवाई में उपस्थित ग्रामीणों से वर्षा ऋतु के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों में बहते पानी को पार करने का प्रयास नहीं करें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “जिंदगी अनमोल है, प्रत्येक व्यक्ति के पीछे उसका पूरा परिवार जुड़ा होता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। जिस परिवार के साथ अनहोनी होती है, उसके दुःख की भरपाई कोई नहीं कर सकता।”
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।


