PALI SIROHI ONLINE
जालोर-भीनमाल में रानीवाड़ा रोड स्थित आलड़ी चौराहे के पास 26 अगस्त को हुए सड़क हादसे में शनिवार को तीसरी मौत हो गई। हादसे में गंभीर घायल जानू कुमारी (5) पुत्री वरदाराम भील ने पालनपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे में उसके माता-पिता वरदाराम भील और छगनदेवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।रक्षाबंधन पर राखी बांधने जा रहा था परिवार
भीनमाल थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया-भीनमाल शहर के दासपां बस स्टैंड निवासी वरदाराम भील अपनी पत्नी छगनदेवी, बेटी जानू कुमारी और बेटे सुमेराराम के साथ थ्री-व्हीलर में सवार होकर रक्षाबंधन पर राखी बांधने शिवगढ़ जा रहे थे।
26 अगस्त की शाम आलड़ी चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के सामने एक स्कॉर्पियो ने थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। टक्कर में वरदाराम और उनकी पत्नी छगनदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जानू कुमारी, उसका भाई सुमेराराम और थ्री-व्हीलर चालक गंभीर घायल हो गए। स्कॉर्पियो चालक भी घायल हुआ था।पालनपुर में इलाज के दौरान बच्ची की मौत
हादसे में गंभीर घायल जानू कुमारी को उपचार के लिए पालनपुर ले जाया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची के शव को भीनमाल के राजकीय चिकित्सालय की मॉच्र्युरी में रखवाया गया।मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में प्रदर्शन
बच्ची का शव राजकीय चिकित्सालय पहुंचते ही बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग अस्पताल परिसर में एकत्रित हो गए। लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोश जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने मुआवजा मिलने तक शव नहीं उठाने की बात कही।
परिजनों का कहना है कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और बच्ची के इलाज के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण उपचार में परेशानी हुई। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और हादसे में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पुलिस प्रशासन समझाईश के बाद मामला शांत हुआ।

