PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल शहर में रोड लाइटों के रखरखाव में लापरवाही बरतना ठेकेदार को भारी पड़ गया। संतोषजनक कार्य नहीं होने और लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने श्री गणपति इलेक्ट्रिकल, किशनगढ़ को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ठेकेदार को रोड लाइट मेंटेनेंस का 12 महीने के लिए 33.30 लाख रुपए में ठेका दिया गया था।
छह महीने में लगातार मिलती रहीं खराब लाइटों की शिकायतें
नगर पालिका के अनुसार ठेका दिए करीब छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन शहर के सभी वार्डों से रोड लाइट खराब होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोपहै कि शिकायत करने के बावजूद खराब लाइटों की समय पर मरम्मत नहीं की जा रही है।
रोड लाइटों के खराब रहने से कई इलाकों में रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बाद नगर पालिका प्रशासन ने ठेकेदार के काम की निगरानी बढ़ाई।
तीन नोटिस के बाद भी नहीं सुधरा काम
नगर पालिका की ओर से कार्य में सुधार के लिए ठेकेदार श्री गणपति इलेक्ट्रिकल, किशनगढ़ को अब तक तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कामकाज में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
अधिशासी अधिकारी रवि कुमार खन्ना ने बताया कि सभी वार्डों से रोड लाइटों को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। ठेकेदार की ओर से कार्य सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। तीन नोटिस देने के बाद भी सुधार नहीं होने पर अब ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शहर की रोड लाइट व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

