PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल पुलिस ने कोडिटा गांव में बुजुर्ग रामाराम देवासी की लूट के बाद हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी मानाराम उर्फ मोनिया को गिरफ्तार कर लिया है।
बुजुर्ग को पीटकर उसी की पगड़ी से बांधा था
पुलिस के अनुसार 9 दिसंबर की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि कोडिटा के ओरण क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसे उसकी ही पगड़ी से बांध दिया गया है। उसके कानों की सोने की मुरकियां और हाथों के चांदी के कड़े लूट लिए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक शंकरलाल मसूरिया और थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
सोने की मुरकियां, चांदी के कड़े, मोबाइल लूट ले गए थे
पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। एफएसएल और एमओबी टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। प्रार्थी ओबाराम देवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके 73 वर्षीय पिता रामाराम देवासी रोज की तरह बकरियां चराने ओरण गए थे। उन्हें पगड़ी से हाथ-पैर बांधा हुआ पाया गया और उनके सोने की मुरकियां, चांदी के कड़े, मोबाइल और पर्स गायब थे।
इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत
उपचार के दौरान रामाराम देवासी की मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्ध आरोपी मानाराम उर्फ मोनिया पुत्र अजाराम बागरी निवासी धानसा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोप कबूला
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर सुनसान गौचर भूमि में बुजुर्ग रामाराम को बातों में उलझाकर पत्थर से हमला करने की बात कबूल की। उसने बताया कि उन्होंने बुजुर्ग को घायल कर उसकी पगड़ी से हाथ-पैर बांध दिए और सोने की मुरकियां व चांदी के कड़े लूट लिए।
गिरफ्तार आरोपी पर पहले भी कई मामले दर्ज
कबूलनामे के बाद आरोपी मानाराम उर्फ मोनिया पुत्र अजाराम बागरी, निवासी धानसा, पुलिस थाना रामसीन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस घटना में शामिल अन्य सहयोगी आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और मानाराम उर्फ मोनिया से गहन पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में जयपुर, उदयपुर और रामसीन में धोखाधड़ी और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं। कॉन्स्टेबल मदनलाल चौधरी और रामलाल का इस मामले में वर्ष सहयोग रहा।

