PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर तहसील क्षेत्र के ग्राम कीलवा के किसानों ने साल 2022 की अनुदान राशि अब तक बैंक खातों में जमा नहीं होने पर प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की है। किसानों ने इस संबंध में सांचौर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने शीघ्र अनुदान राशि जारी करने की मांग की है।
किसानों का आरोप है कि गांव के कई अन्य किसानों को वर्ष 2022 की अनुदान राशि का फायदा मिल चुका है, जबकि वे अब तक इस योजना से वंचित हैं। ज्ञापन में बताया गया है कि उनकी खातेदारी भूमि मौजा कीलवा, पटवार हल्का कीलवा, तहसील सांचौर में स्थित है। उन्होंने नियमानुसार आधार कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर संबंधित हल्का पटवारी को जमा कर दिए थे।
किसानों को आर्थिक संकट
इसके बावजूद, अनुदान राशि उनके खातों में जमा नहीं हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
धरने की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि वर्ष 2022 की लंबित अनुदान राशि शीघ्र ही उनके बैंक खातों में जमा नहीं करवाई गई, तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने उपखंड अधिकारी से प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर राशि जारी करने की मांग की है।

