PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल-दासपा स्टेट हाईवे पर बीती रात एक सांड के अचानक बाइक के सामने आ जाने से बाइक सवार तीन लोग असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय गुणी नाड़ा निवासी सुरेशकुमार, जगदीश कुमार और भाग्यवंती जाति बासफोड जोगी सायला से अपनी बाइक से भीनमाल शहर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास अचानक एक सांड सामने आ गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं।
मुख्य मार्ग पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार भीनमाल-दासपा स्टेट हाईवे होने के बावजूद इस मार्ग पर हर दिन बड़ी संख्या में आवारा पशु सड़क पर बैठे रहते हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को सड़क पर बैठे पशु नजर नहीं आते, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
लोगों का कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगर पालिका प्रशासन की ओर से पशुओं को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

