PALI SIROHI ONLINE
हनुमान सिंह राव
बाली उपखण्ड के बेड़ा गांव में री- केवाईसी को लेकर चलाया गया वित्तीय साक्षरता जागरूकता अभियान
भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान में क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा वित्तीय साक्षरता अभियान के अंतर्गत बेड़ा गांव में मस्जिद के सामने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के भाइयों को बैंक खाते की री-KYC (पुनः केवाईसी) करवाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर क्रिसिल फाउंडेशन के फील्ड कोऑर्डिनेटर रतनलाल ने उपस्थित लोगों को बताया कि बैंक खाते को सुरक्षित एवं सक्रिय बनाए रखने के लिए समय पर री-KYC करवाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि KYC अपडेट नहीं होने पर बैंकिंग सेवाओं, पैसों के लेन-देन, ATM, चेकबुक एवं इंटरनेट बैंकिंग जैसी सुविधाओं में परेशानी आ सकती है।
उन्होंने लोगों को री-KYC नहीं करवाने से होने वाले नुकसान और इसके फायदे समझाते हुए बताया कि समय पर KYC अपडेट करवाने से बैंक खाते की सुरक्षा बनी रहती है तथा पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं एवं DBT का लाभ प्राप्त करने में सुविधा रहती है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बैंक शाखा में जाकर री-KYC करवाने, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी से बचने, OTP किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस दौरान मुस्लिम समाज के भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वित्तीय साक्षरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
अंत में फील्ड कोऑर्डिनेटर रतनलाल ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की KYC स्थिति की जांच करवाएं और समय पर री-KYC अपडेट करवाकर सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाएं।




