• March 18, 2026

बेडा ग्राम में कष्टभुज हनुमान मंदिर पाटोत्सव पर भक्ति और उल्लास का माहौल, उमड़ा विशाल जनसैलाब

PALI SIROHI ONLINE

गिरीश व्यास

बेडा ग्राम में कष्टभुज हनुमान मंदिर पाटोत्सव पर भक्ति और उल्लास का माहौल, उमड़ा विशाल जनसैलाब
बेडा बस स्टैंड स्थित कष्टभुज हनुमान जी मंदिर में पाटोत्सव के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें इस बार अभूतपूर्व जनसमूह उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु—महिलाएं, पुरुष और बच्चे—देर रात तक भक्ति में लीन नजर आए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।

शुभ बेला में श्रवण कुमार माली परिवार की ओर से बालाजी महाराज की वैदिक मंत्रोच्चार एवं ऋचाओं के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। इसके बाद शुभ मुहूर्त में धर्म ध्वजा का रोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

शाम 5 बजे सुंदरकांड समिति सिरोही द्वारा अर्जुन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति रस में डूबे दिखाई दिए।

वही “एक शाम बालाजी के नाम” भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान भजन गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में नृत्य कलाकारों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम स्थल पूरी तरह खचाखच भरा रहा और आसपास की सड़कों तक श्रद्धालुओं की भीड़ फैल गई। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

इस अवसर पर क्षेत्र के भामाशाहों का ग्रामवासियों एवं मंदिर कमेटी द्वारा सम्मान किया गया। मनोहर सिंह राठौड़, दिनेश कुमार माली सहित भजन गायक कलाकारों का भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

पूरे आयोजन के दौरान  श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज की भक्ति में लीन होकर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

About The Author

You cannot copy content of this page