बेटे की शादी के दो घंटे बाद पिता व जीजा की मौत, दो बाइक की भिड़ंत में सिर फटा; घायल जीजा ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
PALI SIROHI ONLINE
बांसवाड़ा में बेटे की शादी के दो घंटे बाद पिता समेत दो की मौत हो गई। दूल्हे के पिता शादी के बाद भाई के दामाद के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से दूल्हे के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हास्पिटल ले जाते समय दामाद ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना क्षेत्र के वीरपुर में शनिवार की शाम करीब 4 बजे की है। थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत ने बताया कि 2 बाइक की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।बेटे की शादी के बाद लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार- मध्यप्रदेश के बाजना क्षेत्र स्थित कबलखोरा निवासी मड़िया (50) पुत्र हुमला डिंडोर के बेटे पंकज की बारात बांसवाड़ा के आंबापुरा क्षेत्र के नवाखेड़ा गांव में आई थी। शनिवार को दिन में शादी हुई। इसके बाद दोपहर में बारात विदा हुई। दूल्हे के पिता मड़िया अपने भाई के दामाद हकरू पुत्र जोहरेंग निनामा निवासी रावदा पाटन के साथ बाइक पर घर के लिए रवाना हुए।
वीरपुर के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मड़िया का सिर फट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हकरू की भी हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार श्यामजी पुत्र हीरा चरपोटा निवासी कापड़िया भी घायल हो गया। उसका महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

