PALI SIROHI ONLINE
बाली-सादड़ी से मुंडारा की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक रुकवाकर चालक को डिटेन कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ झूपा निवासी बंसीलाल पुत्रगंगाराम (30) और अजय पुत्र अचलाराम बावरी (26) बाइक पर सवार होकर सादड़ी से मुंडारा की ओर जा रहे थे। ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। इनमें बंसीलाल की मौत हो गई, जबकि अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
एएसआई श्याम सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ईगल रेस्क्यू टीम के संयोजक जितेंद्र सिंह राठौड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस की मदद से मृतक को सादड़ी अस्पताल पहुंचाया, जबकि घायल अजय को पुलिस वाहन से अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर निर्मल जांगिड़, नर्सिंग स्टाफ मुकेश सेन और कांतिलाल हिंगड़ ने घायलों का उपचार किया।

