PALI SIROHI ONLINE
बाड़मेर-शिक्षा विभाग में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी (AAO) घर से इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहा था। इस दौरान स्कूटी के पीछे से कुछ आवाज आई। रोककर देखा तो पिछले हिस्से से धुआं निकल रहा था। आग। AAO स्कूटी छोड़ दूर हट गया। चंद सेकेंड बाद धमाका हुआ। धमाके में कर्मचारी बाल-बाल बच गया। घटना बाड़मेर शहर के उगम सिंह सर्किल के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुई।
इसके बाद फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचे से पहले पूरी स्कूटी खाक हो चुकी थी।
स्कूटी सवार कपिल कुमार (41) ने बताया- मैं बाड़मेर में कर्मचारी कॉलोनी में रहता हूं। मेरी ड्यूटी फिलहाल जिला कलेक्ट्रेट चुनाव में लगी हुई है। वहां जाने के लिए घर से 200 मीटर दूर निकला ही था। उगम सिंह सर्किल के पास स्कूटी में से आवाज आने लगी। ब्रेक लगाकर पीछे देखा तो धुआं निकल रहा था।
मैंने स्कूटी को स्टैंड पर भी नहीं लगाई और सड़क पर गिराकर करीब 100 फीट दूर भाग गया। कुछ सेकेंड के बाद ही स्कूटी में ब्लास्ट हो गया। इसके बाद तेजी से आग फैली। इलेक्ट्रिक स्कूटी आर्या कंपनी की थी। दो साल पहले ही मैंने खरीदी थी।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि युवक ने बिना देर किए भागकर सूझबूझ दिखाई। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। नगर परिषद की फायर बिग्रेड पहुंची। आग पर कंट्रोल किया लेकिन तब तक पूरी स्कूटी जल चुकी थी।
जिला शिक्षा विभाग में AAO पद पर है कार्यरत
स्कूटी सवार के मुताबिक मैं जिला शिक्षा विभाग में सहायक प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हू। फिलहाल मेरी ड्यूटी चुनाव में जिला कलेक्ट्रेट में लगी हुई है। मै सुबह घर से 10 बजे कलेक्टर ऑफिस जा रहा था। तभी स्कूटी में आग लगी है। मेरे परिवार में पत्नी और दो बच्चे है। दोनों लड़के 15 और 17 साल के है। दोनों पढ़ाई करते है।