PALI SIROHI ONLINE
नागाणी-अनादरा क्षेत्र के गुलाबगंज में शनिवार शाम करीब 4.30 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कृष्णगंज निवासी रतनाराम चौधरी (70) पुत्र भीमाराम चौधरी गुलाबगंज में हाइवे किनारे खड़े थे। इसी दौरान रेवदर की ओर से आ रहा ट्रेलर स्पीड ब्रेकर पार करते समय असंतुलित हो गया और सीधे बुजुर्ग को चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार के कारण वे करीब 30 फीट तक घसीटते रहे। हादसा इतना भीषण था कि सड़क पर दूर तक खून बिखर गया। सूचना पर अनादरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रेलर को जब्त कर शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
80 से 100 किमी की स्पीड थी
प्रत्यक्षदर्शी शिवनाथ सिंह बीका ने बताया कि बुजुर्ग अकेले ही सड़क किनारे खड़े थे। रेवदर की तरफ से एक ट्रेलर स्पीड ब्रेकर पार करते ही असंतुलित हो गया और तेजी से बुजुर्ग की तरफ बढ़ गया। बुजुर्ग संभलते इससे पहले ही ट्रेलर ने उन्हेंचपेट में ले लिया। बुजुर्ग टायर के नीचे आ गए।
ट्रेलर की स्पीड भी अनुमानित 80 से 100 के बीच होगी। हादसे में बुजुर्ग 30 फीट तक घसीटता रहा। शरीर के चिथड़े-चिथड़े हो गए। एक बार तो मैं भी घबरा गया था।

