PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/रावणा अमृत सिंह
आहोर। नेशनल हाईवे 325 पर तेज गति स्लीपर बस पलटने से दंपती सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पत्नी का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि पति का पैर कट गया। इसके अलावा 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। वही स्थानीय वाहन चालकों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाल चिकित्सालय भेजने में पुलिस की मदद करते नजर आए।
आहोर SHO करण सिंह ने बताया- टीआर जाणी ट्रेवल्स की एक निजी बस रविवार शाम करीब 6 बजे सांचौर से रवाना हुई थी। बस जालोर, आहोर और जयपुर होते हुए करौली जा रही थी। रात करीब 11.30 बजे आहोर थाना क्षेत्र के अगवरी गांव और गुड़ा बालोतान के बीच बस तेज रफ्तार में नीम के पेड़ से टकरा गई और सड़क किनारे पलट गई।
बेटे के परिवार से मिलने के लिए निकला था दंपती सांचौर के लियादरा गांव निवासी फगलूराम (75) पुत्र हेमाराम बिश्नोई का पैर कटकर अलग हो गया। उनकी पत्नी हाऊ देवी (65) का सिर धड़ से कटकर अलग हो गया। दोनों के शव बुरी तरह बस से दब गए थे। भरतपुर निवासी अमृतलाल पुत्र खिलाड़ीलाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों में सांचौर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र सांवलाराम, मन बिश्नोई पुत्री मालाराम, भावना पुत्र चिमनाराम, बांसवाड़ा निवासी पूजा पुत्र रामचंद्र, दौसा निवासी हरीश पुत्र हरिगिलास गुर्जर, कुलदीप पुत्र लाखन बंजारा, सांचौर निवासी संदीप पुत्र कैलाश महेश्वरी, अलवर निवासी पवन पुत्र जगदीश प्रसाद, मेडाबागोड़ा निवासी हर्षन पुरी पुत्र इंद्र पुरी गोस्वामी और सांचौर निवासी दिलीप पुत्र बाबूलाल बिश्नोई शामिल हैं।

