PALI SIROHI ONLINE
जालोर-आहोर थाना क्षेत्र के भैंसवाड़ा में डेढ़ लाख रुपए की लूट की झूठी सूचना देने के मामले में पुलिस ने अरबाज खां (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की बताई गई 1.50 लाख रुपए की नकदी और घटना में इस्तेमाल लोडिंग टेंपो बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर कर्ज था और रुपए हड़पने की नीयत से उसने लूट की झूठी कहानी रची थी।
100 नंबर पर दी लूट की सूचना
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 की शाम आहोर निवासी अरबाज खां पुत्र सतार खां ने 100 नंबर पर कॉल कर जालोर कंट्रोल रूम को सूचना दी कि भैंसवाड़ा में दो अज्ञात व्यक्ति बाइक से आए। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट कर पिस्टल दिखाकर धमकाया और उससे 1.50 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अरबाज को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। इसके बाद पुलिस ने उससे घटना के संबंध में पूछताछ की। आहोर पुलिस उपाधीक्षक और थानाधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने गहनता से पूछताछ की
पुलिस को घटनास्थल की स्थिति और अरबाज के बयानों में विरोधाभास नजर आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच और आरोपी से पूछताछ की। जांच में कथित लूट की वारदात बनावटी होना सामने आया। पुलिस ने अरबाज की मौजूदगी में उसके लोडिंग टेंपो से 1.50 लाख रुपए बरामद कर लिए। इसके बाद घटना में इस्तेमाल टेंपो को भी जब्त कर लिया गया।
ऐसे रची लूट की झूठी कहानी
पुलिस के अनुसार अरबाज आहोर निवासी दुकानदार दीपक भाई सुथार की दुकान से स्टील के पाइप टेंपो में भरकर जालोर ले गया था। जालोर में मानसरोवर होटल के पीछे स्थित स्टील कारखाने में पाइप खाली करने के बाद सेठ ने पाइपों के भुगतान के रूप में उसे 1.50 लाख रुपए नकद दिए थे।
अरबाज पर कर्ज होने के कारण उसने इन रुपयों को हड़पने की योजना बनाई। जालोर से लौटते समय उसने भैंसवाड़ा में टेंपो रोककर लूट की झूठी कहानी तैयार की और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी अरबाज खां को गिरफ्तार कर अनुसंधान पूरा करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई एसपी शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया के निर्देश पर एएसपी मोटाराम गोदारा और आहोर डीएसपी दशरथसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी करणसिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में नरपतसिंह, मूंगाराम, राजाराम, रमेशचन्द्र, सुरेशकुमार, पवनसिंह और अजय कुमार शामिल रहे।





