PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड स्टेशन चौराहे पर कार-बाइक की भिड़ंत, घायल रैफर
आबूरोड़,सिरोही-आबूरोड में कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों में से एक कार पर जा गिरा, जबकि दूसरा युवक उछलकर कार के पीछे गिर गया। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
हादसा शहर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित चौराहे पर सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ।थानाधिकारी हरचंद देवासी ने बताया- शाम करीब 7 बजे स्टेशन चौराहे पर बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। घायल युवक को सिरोही रेफर किया गया है।
उछलकर गिरे दोनों युवक
सीसीटीवी के अनुसार बाइक सवार तेज रफ्तार में था। सामने से अचानक बाइक आती देख कार सवार ने ब्रेक लगाकर कार रोक दी। इसके बाद भी बेकाबू बाइक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर गिर पड़े। हादसे में एक युवक घायल हो गया और बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एक सिरोही रेफर
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने दोनों को आबूरोड उपजिला हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां से गंभीर हालत देखते हुए घायल आबूरोड निवासी आशीष जार्ज पुत्र जार्ज हेरिश को सिरोही रेफर कर दिया।


