PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड पुलिस ने ट्रैवल बस से अवैध शराब तस्करी के मामले में एक वांछित आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी कमलेश उर्फ कालू पर राजस्थान निर्मित 104 कार्टन अवैध शराब गुजरात मंगवाने का आरोप है।
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान द्वारा अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई है। रिको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि 24 दिसंबर को छापरी पुलिस चौकी पर एक ट्रैवल बस से राजस्थान निर्मित शराब के 104 कार्टन जब्त किए गए थे। इस मामले में तब चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
जब्त शराब को गुजरात में मंगवाने वाले मुख्य आरोपी कमलेश उर्फ कालू की तलाश जारी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन कर गुजरात भेजा गया। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से आरोपी कमलेश उर्फ कालू को गुजरात के घूमासन से पकड़ा और गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश भाई उर्फ कालू के रूप में हुई है, जो घूमासन, पुलिस थाना नंदासन, जिला मेहसाणा, गुजरात का निवासी है।

