PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे सप्लायर रोहित कुमार (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी 5 अक्टूबर को मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान कंटेनर से जब्त की गई चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के मामले में वांछित था। पुलिस ने आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान एक बंद कंटेनर NL-07-AA-4302 को रोककरतलाशी ली गई थी। कंटेनर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 90 कार्टून बरामद हुए थे। इस मामले में पुलिस ने मौके से मनोज नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था।
शराब भरवाने वाले सप्लायर की तलाश में जुटी थी टीम
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि कंटेनर में शराब भरवाने में रोहित कुमार की भूमिका थी। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने रोहित कुमार को पकड़ लिया। उससे जब्त की गई शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
भिंड का रहने वाला, दिल्ली में रह रहा था
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार (26) पुत्र गोपाल सिंह राजपूत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पारा गांव, भिंड (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के करतार नगर में रह रहा था।
कार्रवाई एसपी अजेयसिंह राठौड़ के निर्देश पर की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी लक्ष्मणसिंह चंपावत, एसआई नरेंद्रसिंह, कांस्टेबल हरिसिंह और ओमप्रकाश शामिल रहे।





