PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही। नगर पालिका आबूरोड में कचरा पात्र खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में स्थानीय निकाय विभाग ने दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जसवंत सिंह, जो वर्तमान में फायरमैन हैं और पूर्व में नगर पालिका आबूरोड में विकास शाखा लिपिक के पद पर कार्यरत थे, को कचरा पात्र खरीद में अनियमितता के आरोप में निलंबित किया गया है।
इसी प्रकरण में नगर पालिका आबूरोड के तत्कालीन लेखा लिपिक प्रवीण सिंह को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक प्रतीक चन्द्रशेखर जुईकर ने निलंबन आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय निदेशालय स्थानीय निकाय विभाग, जयपुर रहेगा।
उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान नगर पालिका आबूरोड द्वारा किया जाएगा। गौरतलब है कि नगर पालिका आबूरोड में कचरा पात्र खरीद में अनियमितताओं के आरोपों की जांच जारी है। इस मामले में पहले भी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

