PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड के देलदर गांव में दो दिन पूर्व हुई प्रकाश सोनी की हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। गुरुवार को देलदर सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने तहसीलदार डूंगरमल और सदर थानाधिकारी प्रदीप डागा को ज्ञापन सौंपकर बताया- प्रकाश सोनी की हत्या करनेवाले अज्ञात बदमाश अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि देलदर क्षेत्र में आए दिन पत्थरबाजी, लूटपाट और राहगीरों पर हमले जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
शाम होते ही लोगों में डर का माहौल
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आबूरोड-देलदर मार्ग पर शाम होते ही लोगों में डर का माहौल बन जाता है। श्रमिकों, छात्रों और आम नागरिकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह देलदर-भारजा मार्ग और देलदर से किंवरली हाईवे तक भी लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त, अवैध शराब के ठेकों पर कार्रवाई और स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
थानाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर थानाधिकारी प्रदीप ढाका और तहसीलदार डूंगरमल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणोंसे वार्ता की। थानाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयासरत हैं तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
इस दौरान देलदर, टुंका जोड़ फली, कोटिया फली, खटोना फली सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


