PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड़-बस में करीब चार करोड़ रुपए की सोने-चांदी की ज्वेलरी लेकर जा रहे 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 2.8 किलो सोने और 800 ग्राम चांदी के गहने बरामद किए। मामला सिरोही जिले के आबूरोड रीको थाना क्षेत्र का रविवार शाम 4 बजे का है।
थाना अधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत ने बताया- रविवार को थाना क्षेत्र में गुजरात की सीमा से सटी मावल चौकी पर नाकाबंदी की गई थी। शाम 4 बजे पालनपुर (गुजरात) की ओर से आ रही पुणे-जोधपुर ट्रैवल्स बस को रोककर तलाशी ली गई।
बस में तीन सवारियों के बैग से भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने मिले। जब तीनों से गहनों के बिल मांगे गए तो उनके पास कोई डॉक्यूमेंट नहीं मिला। इस पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।खरीद-फरोख्त को लेकर जांच कर रही पुलिस
थाना अधिकारी ने बताया- जब गहनों को तौला गया तो बस में सवार रमेश कुमार निवासी बरलूट (सिरोही) के बैग से 1.350 किलो सोना और 300 ग्राम चांदी की ज्वेलरी मिली।
गजेंद्र सिंह निवासी वेरा विलपुर थाना पालड़ी एम (सिरोही) के बैग से 890 ग्राम सोने के गहने मिले। वहीं चंदूलाल निवासी गोल, थाना बरलूट (सिरोही) के बैग में 571.5 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी के जेवर थे।
पुलिस ने गहने बरामद कर लिए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों से गहनों की खरीद-फरोख्त और अन्य एंगल को लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरी जांच के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


