PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही। आबूरोड में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई।
आग लगने के बाद कार में सवार लोगों ने कार को हाईवे किनारे खड़ा किया और मौके से चले गए। उन्होंने घटना की सूचना न तो पुलिस को दी और न ही राष्ट्रीय राजमार्ग की पेट्रोलिंग एजेंसी को।
घटना की जानकारी सुबह हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई कार का मौका-मुआयना किया।
प्रारंभिक जांच में कार जालोर जिले की बताई जा रही है। पुलिस वाहन के मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया कार में गैस किट लगी होने की आशंका है, जिसके कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
थानाधिकारी हरचंद देवासी ने बताया- कार में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वाहन तथा उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

