आबुरोड-बस ने पोल को मारी टक्करः अंधेरा छाया, यातायात जाम; पुलिस ने स्थिति संभाली
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के आकरा भट्टा क्षेत्र में बुधवार शाम एक मिनी बस बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे आसपास अंधेरा छा गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चालक ने खोया नियंत्रण, पोल हुआ क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार, मिनी बस आबूरोड से तलेटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तुरंत बिजली सप्लाई बंद हो गई।
पुलिस और बिजली विभाग पहुंचा मौके पर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। अंधेरे के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पोल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। इस दुर्घटना में किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
