PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड में सदर थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित एक सरकारी शराब की दुकान पर पथराव और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद दुकान पर पत्थर फेंके और अंदर घुसकर करीब 5 से 7 हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए।
डीसा निवासी सेल्समैन राजेश कुमार मोदी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह हाईवे स्थित सरकारी शराब की दुकान पर काम करता है। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वहअपने साथी विपुल और रतन के साथ दुकान पर मौजूद था।
इसी दौरान तीन-चार युवक शराब खरीदने पहुंचे। शराब की बोतल लेने के बाद भुगतान को लेकर विवाद हो गया। सेल्समैन के अनुसार, युवक निर्धारित राशि से 40 रुपए कम दे रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
‘आबूरोड में व्यापार करना है तो मुफ्त शराब दो’
रिपोर्ट के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवकों ने सेल्समैन को धमकी दी कि यदि आबूरोड में व्यापार करना है तो उन्हें मुफ्त शराब देनी होगी। कुछ देर बाद कुछ अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इसके बाद सभी युवकों ने मिलकर शराब की दुकान पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में दुकान में रखी करीब 5 से 7 शराब की बोतलें टूट गईं।
दुकान में घुसकर नकदी ले जाने का आरोप
सेल्समैन ने आरोप लगाया कि पथराव के दौरान एक युवक दुकान के अंदर घुस गया और करीब 5 से 7 हजार रुपए निकालकर ले गया। इसके बाद सभी आरोपी इको कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामलादर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के संबंध में आगे की जांच कर रही है।


