आबूरोड़ में दो हादसों में दो लोगों की मौतः कार ने बाइक को टक्कर मारी, टैंकर के नीचे दबा युवक
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में सदर थाना क्षेत्र के न्यू टाउनशिप के सामने एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रेडवा कला निवासी रामाराम पुत्र नौपाजी की मौत हो गई। रामाराम आबूरोड से अपनी बाइक पर अपने घर रेडवा कला जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
टैंकर के नीचे दबने से मौत
वहीं दूसरे हादसे में कुई गांव के पास रेलवे लाइन के निर्माण स्थल पर पानी के टैंकर के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्णिया, बिहार निवासी दिलखुश कुमार पुत्र प्रदीप पासवान के रूप में हुई है, जो वहां खाना बनाने का काम करता था। यह घटना तब हुई जब दिलखुश कुमार पानी से भरे टैंकर के पीछे खड़ा था। अचानक टैंकर पीछे की ओर आया और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के मामा पंकज पासवान ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।
