PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
आऊवा, पाली (मारवाड़)। सिरियारी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदारों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर महिला के सिर पर लोहे के पाइप से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह घटना 19 जुलाई को सुबह गुड़ा केशरसिंह गांव के बेरा पिसवाला में हुई। प्रार्थी सुरेश कुमार (40) पुत्र अमराराम ने पुलिस को बताया कि जब उनका परिवार घर में चाय पी रहा था, तभी पुसाराम पुत्र जस्माराम, डगलाराम पुत्र जस्माजी, कालूराम पुत्र उगलारा सीरवी और दो-तीन अन्य लोग घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए।
सुरेश के अनुसार, पुसाराम ने उनकी मां झमकु के सिर पर लोहे के पाइप से हमला किया, जिससे वह अचेत होकर गिर गईं। ढगलाराम, कालूराम और अन्य हमलावरों ने मेरी माँ को चोटी पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया।
जब सुरेश और उनके पिता अमराराम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी लोहे के पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में अमराराम भी बेहोश होकर गिर गए।
हमलावरों में से पुसाराम ने सुरेश की अलमारी में रखे पर्स से 5800 रुपये भी निकाल लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राणावास अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए पाली रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

