PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास कार्यों को गति देने पहुंचे मंत्री कुमावत
मंत्री बोले-‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित है हमारी सरकार’
तखतगढ 13 जून (खीमाराम मेवाडा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित गौरवपूर्ण 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक और पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाई। मंत्री कुमावत ने सुमेरपुर शहर में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए निर्माणाधीन आधुनिक स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को खेल मैदान के बीचो-बीच गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने, पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन डलवाने के निर्देश दिए। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि अनोप सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, पूर्व चैयरमैन फूलाराम सुथार, पूर्व पार्षद गणेश भाटी मौजूद रहे। इसके पश्चात उन्होंने सुमेरपुर-जवाई बांध के मध्य बन रहे नए पुल के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
पर्यावरण और औद्योगिक संवाद
मंत्री कुमावत ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सुमेरपुर में पौधारोपण किया। उन्होंने आमजन से प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। इसके साथ ही सुमेरपुर के जाखामाता औद्योगिक क्षेत्र में जाखामाता औद्योगिक विकास समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्र के उद्यमियों से आत्मीय भेंट कर औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक संवाद किया। चर्चा के दौरान क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, उद्योगों के विस्तार, रोजगार के नए अवसरों के सृजन तथा औद्योगिक इकाइयों के संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में विचार-विमर्श किया।
उद्यमियों द्वारा अवगत कराए विषयों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुमावत कार्यक्रम के दौरान ट्रक यूनियन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह परमार, तखतसिंह समाजसेवी, नीलकंठ महादेव ट्रस्ट अध्यक्ष भवानी सिंह राठौड़, जाखानगर इंडस्ट्री के अध्यक्ष नारायणलाल कुमावत, अनगौर इंडस्ट्रीज के देवीप्रसाद लाखोटिया सहित यूनियन के अन्य उद्यमियों से मिले। इनके साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में चर्चा की और उनकी जन समस्याओं को सुना और तत्कालीन रूप से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निज आवास पर जनसुनवाई
दौरे के अंतिम चरण में कैबिनेट मंत्री ने अपने निजी आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से आए ग्रामीणों और शहरवासियों ने अपनी बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मंत्री कुमावत ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया और शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को फोन पर कड़े निर्देश दिए।


