PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में आबू रोड से लौट रही एक जीप बेकाबू होकर बिनानी सीमेंट फैक्ट्री के पास सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में 27 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल से सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुई। जीप में 30 से ज्यादा लोग सवार थे, जो आबू रोडपर एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद पिंडवाड़ा के आमली गांव लौट रहे थे। अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास जीप अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मची
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और झाड़ियों में गिरे लोगों को बाहर निकालकर सड़क पर लिटाया। 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, जो मौके पर पहुंची और घायलों को पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पिंडवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, सभी 27 घायलों को सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सिरोही पहुंचने की सूचना पर सिरोही कोतवाली थानाधिकारी कैलाश दान पुलिस बल के साथ ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों की मदद की। उन्होंने अस्पताल में इलाज और खाली बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की।
अलग-अलग एंबुलेंस और एक टेंपो की मदद से सभी 27 घायलों को सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत घायलों का इलाज शुरू किया और उन्हें वार्ड में भर्ती किया।
