PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में आहोर क्षेत्र की चरली ग्राम पंचायत में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सरकारी रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध से निपटने और शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था निर्माण
ग्राम पंचायत प्रशासक डॉ. दिनेश चुंडावत ने बताया- स्थानीय निवासी राणाराम देवासी ने सरकारी रास्ते पर रात के समय अवैध निर्माण कर एक दीवार खड़ी कर दी थी। सार्वजनिक रास्ते को खिलाफ करने के इस मामले में ग्राम पंचायत की ओर से अतिक्रमणकारी को पूर्व में ही नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सोमवार को प्रशासन को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी।प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चली जेसीबी
सोमवार दोपहर में तहसीलदार लाधाराम पंवार और आहोर थानाधिकारी करणसिंह मय पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की कड़ी निगरानी में सरकारी रास्ते पर बनी अवैध दीवार को ढहा दिया गया। इस दौरान पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
कार्रवाई के समय ग्राम पंचायत प्रशासक डॉ. दिनेश चुंडावत, पटवारी पुष्पेंद्र सिंह, ग्राम विकास अधिकारी रणछोड़ाराम सहित पंचायत एवं राजस्व विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


