PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के ग्राम पंचायत सांतपुर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, बार-बार विद्युत व्यवधान और कम वोल्टेज की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद परवीन बानू पठान के नेतृत्व में सांतपुर चौराहे पर ग्रामीणों ने राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में वार्ड सदस्य याया खान, सोनिया बानू, रोशन बानू, रुबीना बानू, जैनब, सलमान खान, शरद बारोट, हैदर पठान, महेश खिन्नीवाल, निकेतन बारोट, शरीफ खान, यासिफ पठान, निलेश बारोट, गौरव परिहार, उजर खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
सहायक अभियंता को सौंपा ज्ञापन
वार्ड पार्षद परवीन बानू पठान और यासिफ पठान ने बताया कि कुछ दिन पहले जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) के ग्रामीण क्षेत्र के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें सांतपुर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया गया था।
बिजली कटौती से आमजन प्रभावित
ज्ञापन में बताया गया था कि दिन और रात में बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती होने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कम वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर, फ्रिज जैसे विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं और उनके खराब होने का खतरा है। भीषण गर्मी में बुजुर्गों, बीमारों और छोटे बच्चों को भी परेशानी हो रही है।बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग
ज्ञापन में सांतपुर गांव में नियमित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। साथ ही, कम वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने या अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का सुझाव दिया गया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वे ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में रविवार को सांतपुर चौराहे पर ऊर्जा मंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया गया और प्रशासन से तत्काल समस्या समाधान की मांग की गई।

