PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के नाना रेलवे स्टेशन के समीप चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज में लंबे समय से नासूर बनी जलभराव की समस्या से जल्द ही आमजन को मुक्ति मिलने वाली है। रेलवे विभाग द्वारा पिछले एक माह से यहाँ जलभराव रोकने को लेकर विशेष तकनीकी सुधार कार्य करवाया जा रहा है। रविवार को भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यस्थल पर पहुँचकर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और प्रगति की जानकारी ली।
नाना भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शेरू सिंह पंवार एवं भाजपा प्रवक्ता हरि सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज का निरीक्षण किया। नेताओं ने मौके पर चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और विभागीय कर्मियों से आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की।
मानसून से पहले राहत देने की कवायद
निरीक्षण के बाद भाजपा उपाध्यक्ष शेरू सिंह पंवार ने बताया कि अंडरब्रिज में पानी रुकने की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विभाग पिछले एक महीने से पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कार्य काफी अच्छी प्रगति पर है और जिस तकनीकी ढंग से इस बार काम किया जा रहा है, उससे पूरी उम्मीद है कि इस बार क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
राहगीरों को मिलती थी भारी परेशानी
गौरतलब है कि चामुंडेरी रेलवे अंडरब्रिज में मामूली बारिश के दौरान भी कई फीट पानी जमा हो जाता था। इसके चलते नाना, चामुंडेरी सहित आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क कट जाता था और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता था। अब इस कार्य के पूरा होने से आगामी दिनों में वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।


