PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल पुलिस ने एक युवक पर स्कॉर्पियो से कुचलने और लोहे की सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
स्कॉर्पियो और पिकअप ट्रोले से किया था हमला
पुलिस ने बताया- 22 मई को बदमाशों ने स्कॉर्पियो और पिकअप ट्रोला में सवार होकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर मारपीट की थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजेंद्रसिंहराजपुरोहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में करड़ा रोड निवासी जवाराम पुत्र धर्माराम देवासी की रिपोर्ट पर भीनमाल थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र का उपयोग कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान, लोहे की सरियों से हमला करने वाले आरोपी हकीमखान उर्फ अलताफखान निवासी रीको एरिया, भीनमाल और भंवरदास निवासी पुराना जुजाणी बस स्टैंड क्षेत्र, भीनमाल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि इससे पहले मामले के कथित षड्यंत्रकारी आरोपी शिवलाल निवासी भीनमाल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पांच वाहन जब्त किए
इस मामले में अब तक पांच वाहन (कैम्पर और पिकअप ट्रोला) जब्त किए गए हैं। इसके अलावा छह अवैध हथियार, कारतूस और 10 लाख 16 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। मामले में भजनलाल के भाई हनुमानराम को भी आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस प्रकरण के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।


