PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल कस्बे के महावीर चौराहे पर देवासी समाज के एक युवक पर हुए हमले के विरोध में उपखंड कार्यालय के बाहर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को भी जारी रहा। इस धरने में जेरण और कावतरा गांव के देवासी समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग
वक्ताओं ने चिंता व्यक्त की कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि समाज न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहा है, लेकिन दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होना आवश्यक है।
आंदोलन की चेतावनी दी
धरने में मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन से कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में विश्वास कायम रखने के लिए मामले में त्वरित कार्रवाई करने की अपील की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरनार्थियों ने प्रशासन से दोषियों की गिरफ्तारी कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।


