PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-देलदर से आबूरोड लौट रहे दो बाइक सवार युवकों पर अज्ञात हमलावरों द्वारा किए गए पथराव में एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान पालनपुर में दम तोड़ दिया। दूसरे बाइक सवार ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया- मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पथराव किसी पुरानी रंजिश का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।रास्ते में अचानक शुरू हुआ पथराव
जानकारी के अनुसार सोमवार रात प्रदीप कुमार अपने मित्र नाजिम के साथ मोटरसाइकिल से देलदर से आबूरोड लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
पथराव के दौरान एक पत्थर प्रदीप के सिर में लग गया, जिससे वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद नाजिम ने तुरंत परिजनों और परिचितों को सूचना दी।
पालनपुर में उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायल प्रदीप को तत्काल आबूरोड ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पालनपुर रेफर कर दिया।
पालनपुर में इलाज के दौरान प्रदीप की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।सुनसान मार्ग पर हुई वारदात
स्थानीय लोगों के अनुसार देलदर-आबूरोड मार्ग पर बत्तीसा बांध बनने के बाद इस रास्ते पर आवाजाही काफी कम हो गया है। शाम ढलते ही यह मार्ग सुनसान हो जाता है। क्षेत्र अंग्रेजी बबूल के घने पेड़ों से आच्छादित है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पथराव जैसी घटनाएं बेहद कम होती हैं और इस प्रकार की गंभीर वारदात वर्षों बाद सामने आई है। घटना के समय क्षेत्र में आंधी-तूफान का भी प्रभाव बताया जा रहा है।
मृतक के परिवार में उसकी वृद्ध माता, एक बड़ा भाई और उदयपुर में विवाहित बहन हैं।
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।


