PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही सदर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक कंटेनर के केबिन में भीषण आग लग गई। यह घटना ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर हुई। आग लगने से केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, पिंडवाड़ा से सिरोही की ओर आ रहा कंटेनर रविवार रात करीब 10:30 बजे राजपुरा बल्दा के सामने पहुंचा। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक केबिन में आग लग गई। आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोका और केबिन से कूदकर अपनी जान बचाई।आसपास के होटल और ढाबों के संचालक तथा अन्य लोग बाल्टियों में पानी लेकर आग बुझाने पहुंचे। हालांकि, तब तक आग पूरे केबिन में फैल चुकी थी।
इस घटना के कारण फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। बड़े वाहनों और ज्वलनशील पदार्थ ले जा रहे टैंकर ड्राइवरों ने अपना रास्ता बदल लिया। कुछ कार ड्राइवर जलते हुए केबिन के पास से होकर भी गुजरे।घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।


