आबुरोड-बुजुर्ग से मारपीट, हाथ-पैर में फ्रैक्चरः आबूरोड के चनार रोड पर हमला, जान से मारने की धमकी का आरोप
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड के चनार रोड पर एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद पालनपुर रेफर किया गया है। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामला मंगलवार का है लेकिन पीड़ित ने रिपोर्ट आज दर्ज कराई है।3-4 लोगों ने लोहे के पाइप से उन पर हमला किया
आवल, तहसील अमीरगढ़ निवासी भुर सिंह मुगथला से अपने घर लौट रहे थे। चनार रोड पर पाबावासी गोलाई के पास एक पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि वाहन में सवार 3-4 लोगों ने लोहे के पाइप से उन पर हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार, मारपीट में भुर सिंह के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे एक राहगीर ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया
घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायल भुर सिंह को उपचार के लिए अमीरगढ़ अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पालनपुर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में नामजद आरोपी सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
