तखतगढ-नौतपा के बीच विद्यार्थियों का दूसरे दिन जारी रहा धरना ,32 घंटे बाद धरना समाप्त, चार मांगों पर बनी सहमति
PALI SIROHI ONLINE
नौतपा के बीच विद्यार्थियों का दूसरे दिन जारी रहा धरना ,32 घंटे बाद धरना समाप्त, चार मांगों पर बनी सहमति
तखतगढ 27 मई (खीमाराम मेवाडा) तखतगढ़ राजकीय महाविद्यालय के नए भवन में विद्युत कनेक्शन व अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर दो दिनों से नौतपा की भीषण गर्मी के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री साहिल माली के नेतृत्व में छात्र-छात्राएं पिछले दो दिनों से यानी 32 घंटों से धरना प्रदर्शन पर बैठे रहे। छात्रों ने दो दिनो से राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर सिलसिला की धूप के बीच विरोध जताया और भीषण गर्मी में भी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन जारी रखा।
आखिर बुधवार को महाविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रधानाचार्य हीरालाल नायक तहसीलदार जितेंद्र बबेरवाल धरना स्थल पहुंचे और विद्यार्थियों साथ समझाइस वार्ता के बाद धरना समाप्त हुआ। नोडल प्राचार्य डॉ. हीरालाल, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार बबेरवाल, नगर पालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज नामा तखतगढ़ सहित कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को आम जूस पिलाकर धरना समाप्त करवाया। प्रशासन और छात्रों के बिच चार मांगों पर सहमति जताई, जिनमें नए भवन के लिए शीघ्र विद्युत कनेक्शन करवाना प्रमुख रहा।
साथ ही अन्य आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया। एबीवीपी की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि महाविद्यालय का संचालन नए भवन में करने, वर्तमान भवन को स्थाई रूप से बंद करने तथा शिक्षण व्यवस्था सुचारू रखने पर भी सहमति बनी है। छात्रों का आरोप है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा दो महीने पहले भवन का उद्घाटन कर दिया गया था, जबकि अब तक बिजली जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी नेताओं ने भी स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत पर सवाल उठाते हुए केवल फीता काटने की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

