भीनमाल-स्कॉर्पियो से कुचलने की साजिश का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 5 वाहन जब्त किए, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-कस्बे में स्कॉर्पियो वाहन से युवक को टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास करने और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में भीनमाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सीआई राजेंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया – 22 मई की शाम को भीनमाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो और पिकअप ट्रॉला में सवार होकर आए बदमाश एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक शंकरलाल मसूरिया एवं थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।
मामले में भीनमाल थाने में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने तलाश के दौरान पुनासा क्षेत्र से पांच संदिग्ध कैम्पर और पिकअप ट्रॉला जब्त किए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिवलाल सोलंकी ने हमले की साजिश रची थी और अन्य आरोपियों से हमला करवाया था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिवलाल सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी शिवलाल पुत्र लाखाराम सोलंकी (55) निवासी भादरवा बेरा, भीनमाल सरकारी अध्यापक है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और षड्यंत्र के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
