अजारी में सिलेंडर से झुलसी महिला की मौत:आठ दिन के इलाज के बाद तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के अजारी गांव में सिलेंडर में आग लगने से झुलसी एक दिव्यांग महिला की आठ दिन बाद मौत हो गई। महिला का उदयपुर में इलाज चल रहा था, जहां रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, अजारी निवासी ज्योत्सना (32) पत्नी प्रकाश कुमार मेघवाल 16 अप्रैल की सुबह अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण अचानक आग लग गई।
आग लगते ही दिव्यांग ज्योत्सना घबरा गईं और किचन का दरवाजा अंदर से बंद हो गया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा। तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थीं।
परिजनों ने तुरंत ज्योत्सना को सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया था।
उदयपुर में इलाज के दौरान रविवार सुबह ज्योत्सना की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पिंडवाड़ा पुलिस अग्रिम कार्रवाई के लिए उदयपुर रवाना हो गई है।

