लड़कियों को कर रहे थे अश्लील इशारे, तीन गिरफ्तारः सादा वर्दी में थी पुलिसकर्मी, डिकॉय ऑपरेशन तहत कार्रवाई
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में रोडवेज बस स्टेशन क्षेत्र में महिलाओं और लड़कियों से अभद्रता करने तथा अश्लील इशारे करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई डिकॉय ऑपरेशन के जरिए की गई।
यह अभियान जालोर के अतिरिक्त एसपी कैलाश बिश्नोई के निर्देशन में चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कालिका यूनिट की टीमें सार्वजनिक स्थानों, कोचिंग संस्थानों, बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंड और स्कूल-कॉलेजों के आसपास लगातारनिगरानी रख रही हैं।
इसी क्रम में, सांचौर में महिला पुलिसकर्मियों को सादा वेश में तैनात कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। इस दौरान, रोडवेज बस स्टेशन पर आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं से अभद्रता करते हुए तीन युवकों की पहचान की गई।
पहचान के बाद, इन युवकों के खिलाफ धारा 126 और 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में इंदिरा कॉलोनी सांचौर निवासी अशोककुमार पुत्र घमाराम, मालियों का वास सांचौर निवासी कमलेश पुत्र किशनलाल और इंदिरा कॉलोनी सांचौर निवासी विकम पुत्र ओमप्रकाश शामिल हैं।
इस कार्रवाई में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की इंदिरा और राजल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर जिलेभर में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
