आबुरोड-व्यापारी से लूट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तारः रुपयों से भरा बैग और मोबाइल लूटा था, आबूरोड शहर पुलिस की कार्रवाई
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड शहर पुलिस ने एक व्यापारी से लूट के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद लूट का माल प्राप्त करने के आरोप में की है।
पुलिस के अनुसार, ये मामला 19 मार्च 2026 की रात का है। व्यापारी नंदलाल ने 20 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 9 बजे जब वे पारसीचाल स्थित अपनी दुकान से घर जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से पहले दो आरोपी साहे जमन और ईरफान उर्फ जोंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसी मामले में, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर, पुलिस ने कुक्कू राणा उर्फ विनोद राणा पुत्र विशनचंद राणा को गिरफ्तार किया है। वह भीलवास मोरथला, थाना आबूरोड सदर का निवासी है और उस पर लूट का माल प्राप्त करने का आरोप है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य भगवानाराम, ओमप्रकाश, श्रवण, सुभाष, प्रवीण सिंह और सुखदेव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसपी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर, एएसपी किशोर सिंह और वृताधिकारी गोमाराम चौधरी के सुपरविजन में यह कार्रवाई हुई। आबूरोड शहर थाना अधिकारी हरचन्दराम देवासी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया।

