• May 21, 2026

आबुरोड-सड़क किनारे खड़े युवक को कार ने मारी टक्करः उछलकर शीशे पर जा गिरा, मौके पर तोड़ा दम; ड्राइवर फरार

PALI SIROHI ONLINE

आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। 19 मई की रात तलवार नाका रोड पर सड़क किनारे खड़े 26 वर्षीय राजू पुत्र सलमाराम गरासिया को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

राजू अपने भतीजे वीरमां पुत्र लाला के साथ दुकान जाने के लिए निकला था। रात करीब 9:30 बजे आबूरोड की ओर आ रही एक कार ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए राजू को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू उछलकर कार के शीशे पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

वीरमां ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए। कार ड्राइवर अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। लोगों की मदद से वीरमां राजू को सरकारी अस्पताल आबूरोड ले गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई बदाराम पुत्र सलमाराम गरासिया निवासी निचला डेरी ने सदर थाने में कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

You cannot copy content of this page