पाली-12वीं पास बांगड़ कॉलेज में सीख सकेंगे जर्मन भाषाः ट्रांसलेटर, गाइड और बीपीओ में नौकरी के अवसर; जानें एडमिशन की पूरी प्रोसेस
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के बांगड़ के कॉलेज में अब जर्मन भाषा का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया गया है। इसमें 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट और पीजी करने वाले इसमें एडमिशन ले सकते हैं।
राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर कॉलेज पाली के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया- कॉलेज में विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की स्किल्स देने करने के उद्देश्य से सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया गया है। यह पहल आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर एवं द इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेजयूनिवर्सिटी, हैदराबाद के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत की जा रही है।
योजना के प्रथम चरण में जर्मन भाषा का सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किया जाएगा। इसमें जर्मन सहित जापानी, फ्रेंच, कोरियन एवं स्पेनिश जैसी विदेशी भाषाओं का कोर्स भी शुरू किया जाएगा। इससे विद्यार्थी अनुवादक, टूर गाइड एवं अंतरराष्ट्रीय बीपीओ सेक्टर में उच्च वेतन वाली नौकरियों के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
जल्द जारी होगा टाइम टेबल
प्राचार्य डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि कक्षाएं राजकीय बांगड़ कॉलेज, पाली में ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी। कक्षाओं के शुरू की डेट और टाइम टेबल जल्द ही जारी की जाएगी।
12वीं पास कर सकते हैं अप्लाई
इस कोर्स में किसी भी स्नातक अथवा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इसके अलावा स्नातक या स्नातकोत्तर पूर्ण कर चुके युवा भी आवेदन के पात्र होंगे।
राजस्थान के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे निवासी, जिन्होंने नियमित रूप से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की हो, वे भी आवेदन कर सकते हैं। बाहरी आवेदकों को सीट उपलब्धताके आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
राजकीय कॉलेज में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए कोर्स की फीस 1000 रुपए रखी गई है। जबकि निजी कॉलेज के स्टूडेंट और अन्य के लिए फीस 2 हजार रुपए है।

