• May 19, 2026

दंपती को कमरे में बंद कर 50 लाख के गहने चोरी:1 लाख नकदी व 2 हजार के पुराने दुर्लभ सिक्के भी ले गए बदमाश

PALI SIROHI ONLINE

उदयपुर-उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र की रावला फला में बीती रात चोरों ने एक मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर लिए। मामले में पीड़ित ने फलासिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

पीड़ित शेर सिंह शक्तावत पुत्र भगवत सिंह शक्तावत ने शिकायत में बताया कि रात को वह अपनी पत्नी के साथ किसी आवश्यक काम से उदयपुर गए थे। घर पर उनका छोटा बेटा हेमेन्द्र सिंह शक्तावत और बहू थे। जो अपने कमरे में सो रहे थे।देर रात चोर घर के पीछे के रास्ते से अंदर आए। चोरों ने सबसे पहले हेमेन्द्र और उनकी पत्नी के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। ताकि पता लगने पर वे बाहर नहीं आ सके। इसके बाद घर के अन्य तीन कमरों के ताले और अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराकर ले गए।

मामले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें एक युवक घर के सामने रोड पर जाते हुए दिख रहा है।सोना-चांदी के जेवरात चोर ले गए

पीड़ित के अनुसार चोरी गए सोना-चांदी के जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 से 52 लाख रुपए है। चोर अलमारी से सोने की नथ, गले का सेट, पायल, बीछिया, अंगूठियां, ईयरिंग्स, सोने की चूड़ियां, बालियां, खड़ली सहित अन्य ज्वेलरी ले गए।

साथ ही 2.6 किलो चांदी के बर्तन ले गए। जिनमें प्लेटें, गिरास, ट्रे और बिस्किट आदि शामिल हैं। इसके अलावा एक लाख रुपए नगद और 2000 के पुराने व दुर्लभ सिक्के भी ले गए।

चौकी पर 4 में से 2 पुलिसकर्मी, वे भी हाईवे मोबाइल ड्यूटी पर

इस वारदात के बाद ग्रामीणों में स्थानीय पुलिस व्यवस्था को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि रणघाटी से गरणवास तक होने वाली हाईवे पुलिस गश्त पिछले कई महीनों से नहीं हो रही है। इसके अलावा, कोल्यारी पुलिस चौकी में पहले 4 पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन ट्रांसफर और प्रमोशन के बाद अब यहां सिर्फ एक हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल ही बचे हैं। उन्हें भी अक्सर हाईवे मोबाइल ड्यूटी पर भेज दिया जाता है, जिससे चौकी खाली रहती है।

You cannot copy content of this page