• May 17, 2026

सिरोही में 3 अलग-अलग सड़क हादसों में 3 की मौतः ब्रेकर पर बाइक उछलने से गिरी गर्भवती महिला, इलाज के दौरान तोड़ा दम

PALI SIROHI ONLINE

सिरोही-सिरोही जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक गर्भवती महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये दुर्घटनाएं कोतवाली, सिरोही सदर और आबू रोड सदर थाना क्षेत्रों में हुईं।

कोतवाली थाना क्षेत्र के गोयली रोड पर रविवार दोपहर एक हादसा हुआ। बेकरियां उदयपुर निवासी रमेश (20) और सायरा छात्रावास निवासी तीखाराम गरासिया (18) बाइक पर गोयली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीखाराम की मौत हो गई। पुलिस को मृतक की जेब से 92 हजार रुपए मिले हैं।

उधर, सिरोही सदर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम गोयली रोड पर ही एक अन्य दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार काणदर, जालोर निवासी हीराराम (40) और उनकी पत्नी गंगा देवी (35) को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस 108 ने उन्हें सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां जांच के दौरान गंगा देवी को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर सिरोही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को गोयली गांव के पास से जब्त कर लिया।आबू रोड सदर थाना क्षेत्र के भैंसा सिंह में भी एक हादसा हुआ। तालाब फली निवासी जुमा राम गरासिया अपनी गर्भवती पत्नी झुमकी (22) को लेकर अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में एक स्पीड ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से झुमकी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें आबू रोड के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

डॉक्टर निहाल सिंह ने बताया कि महिला 8 माह की गर्भवती थी। इस मामले में सिरोही कोतवाली, सिरोही सदर तथा आबू रोड सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर सब का पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी शुरू की।

You cannot copy content of this page