आबुरोड-ट्रेन में लावारिस कट्टे से 52 बीयर कैन मिलीः संदिग्ध अवस्था में पड़ा था, सवारी गाड़ी संख्या 19224 में मिला
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट ने स्टेशन पर चेकिंग अभियान के दौरान यात्री से अवैध शराब बरामद की है। जब्त की गई कुल 26 हजार एमएल बीयर को आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है।
यह कार्रवाई प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अजमेर दीपक कुमार आजाद तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त उदयपुर व अजमेर के निर्देशन में की गई। निरीक्षक खुमाराम जाट के सुपरविजनमें अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
ट्रेन के कोच में मिला संदिग्ध लावारिस कट्टा
इसी क्रम में शुक्रवार को उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामवीर, हेड कांस्टेबल कानाराम एवं महिला कांस्टेबल सुमन की टीम ने आबूरोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर सवारी गाड़ी संख्या 19224 में चेकिंग की। इस दौरान कोच एस-3 की गैलरी में एक प्लास्टिक का लावारिस कट्टा संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला।
टीम ने यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी कट्टे पर अपना दावा नहीं किया। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें बीयर के कैन भरे मिले। पोस्ट पर लाकर गिनती करने पर 44 कैन किंगफिशर बीयर (500 एमएल) कुल 22 हजार एमएल तथा 8 कैन गॉडफादर बीयर (500 एमएल) कुल 4 हजार एमएल बरामद हुई।
इस प्रकार कुल 52 कैन, यानी 26 हजार एमएल बीयर जब्त की गई। रेसुब ने बरामद बीयर को अग्रिम कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग आबूरोड को सौंप दिया। इस संबंध में आबकारी विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

