• March 16, 2026

पालड़ी एम के पास बाइक दुर्घटना, भुला निवासी एक की मौतः दंपती गंभीर घायल, महिला की हालत चिंताजनक

PALI SIROHI ONLINE

सिरोही-ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर पालड़ी एम थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, भूला निवासी पोपटलाल, उनकी पत्नी मनी देवी (20 वर्ष) और जामाराम पुत्र सोवन राम शिवगंज से भूला गांव की ओर लौट रहे थे। पालड़ी एम गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई।

हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 की मदद से उन्हें सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने ईसीजी करने के बाद जामाराम को मृत घोषित कर दिया।

मनी देवी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, पोपटलाल ने अपना इलाज कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि पहले उनकी पत्नी का इलाज किया जाए।

घटना की सूचना मिलते ही पालड़ी एम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाद में सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मृतक के परिजनों को सूचित किया।

You cannot copy content of this page