बीजापुर में बंदर का आतंक लगातार जारी, ग्रामीण छतों पर चढ़कर बंदर से बचाव कर रहे, वन विभाग की टीम नहीं पहुंची,कल भी दो लोग हुए थे घायल
PALI SIROHI ONLINE
बीजापुर में बंदर का आतंक, ग्रामीणों में दहशत, सात दिनों से जारी उत्पात, रेस्क्यू नहीं होने पर ग्रामीणों में रोष
बाली थाना क्षेत्र के बीजापुर ग्राम में पिछले सात दिनों से बंदर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदर के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार कल बंदर ने एक बुजुर्ग व बच्चे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद भी वन विभाग द्वारा बंदर के रेस्क्यू को लेकर किसी प्रकार की कार्रवाई शुरू नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक वन विभाग की टीम भी बीजापुर गांव नहीं पहुंची है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीजापुर, बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत का पुश्तैनी गांव है, इसके बावजूद गांववासी बंदर के आतंक से परेशान हैं। गुरुवार को भी बंदर ने गांव में काफी उत्पात मचाया। बंदर के हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं कई ग्रामीण घरों की छतों पर चढ़कर लकड़ी और डंडों की सहायता से बंदर को भगाने का प्रयास करते दिखे, लेकिन बंदर एक छत से दूसरी छत पर कूदता-भागता रहा।
लगातार हो रहे हमलों के चलते बीजापुर के ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द बंदर का रेस्क्यू कर गांव को राहत दिलाने की मांग उठाई है।

