चामुंडेरी में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, तीन दिनों से हो रही बिजली कटौती
PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में पिछले तीन दिनों से हो रही अघोषित विद्युत कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चामुंडेरी सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा व समाजसेवी दलपत सिंह चौहान ने बताया कि प्रतिदिन 4 से 5 घंटे तक बिना सूचना बिजली बंद की जा रही है, जिससे आमजन प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चामुंडेरी सहित आसपास के क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों के दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा ने कहा कि बिजली कटौती की पूर्व सूचना नहीं मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी है। कई जरूरी कार्य बीच में रुक रहे हैं और लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से अघोषित बिजली कटौती बंद कर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

